आईना देखकर अक्सर
धोखा खा जाती हूं।
चेहरा तो मेरा है मगर,
पहचान किसी और की पाती हूं।
अक्स जिसका देखती हूं शीशे में
वो बहन, बहू, पत्नी और मां है…
कई किरदारों में ढली
ज़िम्मेदारियों के बोझ तले दबी है।
वो मैं… 'मैं' न जाने कहां खो गई!
सपनों के पीछे भागते-भागते कब बड़ी हो गई!
प्यारी बिटिया से समझदार मां हो गई,
हंसते-हंसते आंसू छुपाने में कलाकार हो गई।
कोई तो आवाज़ दो मेरे बीते हुए कल को।
रोक लो, थाम लो, बचपन में ही मेरे कदमों को।
बिटिया होना ही काफ़ी था,
बड़ा नहीं होना था मुझे…
नए पात्रों की पहचान में
नहीं ढलना था मुझे।
थक कर चूर हुई हूं,
आराम लंबा चाहिए मुझे…
ख़ुद से भी तो होना है रूबरू
सभी किरदार निभाने की क़ैद से
कुछ देर
की आज़ादी चाहिए अब मुझे।