रोती तो तू भी होगी,

आँचल से छुपाती होगी,

जो जुबाँ से न कह सकी,

कराह कर बताती होगी।


जिन घुघुरुओ से घायल किया था

उन्हें समेटी तो होगी, और

उन्ही कंगनों के खनकने पर,

मेरी याद तो आती होगी।


जिन रातों में सोकर सपने में आती थी

उन्हें जगकर बिताती तो होगी

जिस किरण के साथ मुझे जगाती थी

वो तुझे सताती तो होगी।


जिन केशों में उलझा रहता था

उन्हें धीरे धीरे सुलझाती तो होगी,

माथे पर बिंदी लगाने से पहले

शीशे से टकटकी लगाती तो होगी।


त्योहारो के शोर में

मेरी आवाज़ भी आती होगी

खुद से पहले पहला कौर

मेरे नाम का ही खाती होगी।


बागो में जाने पर

मेरी गंध तो आती होगी,

और भँवरे को फूल पर मंडराते देख

शर्म तो आती होगी।


सावन में एक बार छुप कर

भीग तो जाती होगी

माटी की खुशबू मेरी

हालात बताती तो होगी।


बच्चों के साथ फिर

खिल जाती तो होगी

उनके रुठने से,

मेरे मनाने की याद आती तो होगी।


तारो के झिलमिलाने पर मेरे

आशियाने को झांकती तो होगी

मुझे फिर देखने की उम्मीद से

एक दिया जलाती तो होगी।


गैरों की महफ़िल में

सजा करती होगी

लाख नकार लो गीत तो

मेरे ही गाती होगी।


गली में निकलने पर

श्रृंगार तो करती होगी

किस मुहाने पर दिख जाऊ

नज़र तो घुमाती होगी।


समय की चाल

हर पल कचोटती तो होगी

मुझे माफ़ करना मै रोता हूँ

रोती तो तू भी होगी।।