वक़्त ने करवट ली है शायद
जो कभी तरसते थे
नज़रें मिलाने के लिए
आज देखकर
नज़रें चुराते हैं
जो कभी तड़पते थे
मिलने के लिए
आज वो बहाने बनाते हैं
वक़्त ने करवट ली है शायद
जाने ये कैसा मुकाम आया है
ज़िन्दगी ने बहुत सताया है
जिसपर कर लेता है ऐतबार
ये दिल
उसी शख्स ने कमबख्त
बहुत रुलाया है
जाने क्यों नज़दीक आकर
लोग दूर चले जाते हैं
वक़्त ने करवट ली है शायद
जो कभी भरते थे आँहें
हमें देख कर
आज वो
रास्ते बदल कर चले जाते हैं
उम्मीदें चोट दे जाती है
ख्वाहिशें टूट कर बिखर जाती हैं
लोग बदल जाते हैं
मौसम की तरह
हम बेबस देखते रह जाते हैं
वक़्त ने करवट ली है शायद
जो मिलते थे कभी जान कह कर
आज अजनबी की तरह
राह से गुज़र जाते हैं
जाने क्यों
मोहब्बत में लोग
यूँ बेवफा हो जाते हैं
वक़्त ने करवट ली है शायद ...