बचपन के दिन बीत गए
वो खेल खिलौने , गुड्डे गुड़िया
सावन के झूले छूट गए
साथी बचपन के बिछड़ गए
बचपन के दिन बीत गए
जब बसते थे प्राण इक माटी के खिलौने में
इक गुड्डे में , इक गुड़िया में
न इनके मिलने पर
जब लोटपोट होते आँगन में
वो पंख पखेरू उड़ गए
बचपन के दिन बीत गए
वो इठलाना वो तुतलाना
नाच नाच कर सबको रिझाना
ऊंचे नीचे करतब दिखाना
वो लड़कपन के लम्हे गुजर गए
बचपन के दिन बीत गए
बचपन की बस यादें है
जिनमें बीते लम्हों की साँसे हैं
जीवन के वे यादगार पल
समय के साथ सरक गए
बचपन के दिन बीत गए।
पूनम निगम