तेरी इनायत के साथ-साथ, इबादत भी हमारी

जो तुझमें थी खुदा, वो अकीदत भी हमारी...

गया वो इस तरह की कुछ भी न था बचा

रफाक़त के साथ ले गया, अदावत भी हमारी...


अब जो होता है हो जाए, खिलाफ़त नहीं करता

शायद वो ले गया है, हिम्मत भी हमारी...


हसरत नहीं रही, अब किसी भी चीज़ की

उसी के साथ चली गई रगब़त भी हमारी...


मर गए कितने पौधे मेरे हाथों की उदासी से

वो ले गया इन हाथों की बरक़त भी हमारी...


ये आहिस्तगी, ये नरमी मेरे मिजाज़ में नहीं थी

वो गया तो गयी लेहजे की हिद्दत भी हमारी...


थे हाथों में उसके हाथ तो जैसा मुक्कदर था मेरे साथ

हाँ, ले गया वो यारों, किस्मत भी हमारी...

-पीयूष यादव



अकीदत= श्रद्धा; रफाक़त= मेल जोल, निष्ठा; अदावत= द्वेष; रगब़त= कामना, रुचि; हिद्दत=उग्रता,धार