प्रिय पत्नी ,

कुछ बातें कहनी है तुमसे ,

फुर्सत में तुम्हे कह नहीं पाता ,

इसलिए लिखकर कह रहा हूँ |


माफ़ी मांगनी थी तुमसे , 

उस दिन घरवालों के सामने तुम्हारा साथ नहीं देने के लिए , 

मन की बातें तुमसे नहीं कहने के लिए , 

कुछ सचाईयो को परदे में रखने के लिए , 

बेवजह सी बातों पे लड़ने के लिए , 

तुम्हारी सुनने को वहा न रहने के लिए , 

इश्क़ कितना है मुझे इज़हार न करने के लिए , 

और ऐसी बहुत सी बातों के लिए |


शुक्रिया भी कहना है तुमसे , 

ये मेरी छोटी सी दुनिया में रहने के लिए , 

सबका ख्याल बिन कहे रखने के लिए , 

मेरी दुविधाएं समझने के लिए , 

हर परिस्थिति में साथ रहने के लिए , 

हमारे इन नन्हों के लिए , 

मेरी कमजोरियों में ताक़त बनने के लिए,

और ऐसी ही कई हज़ार चीज़ो के लिए |


बहुत से मौको पर बहुत कुछ तुमसे कह नहीं पाया मैं , 

पर यकीन मानो मेरा कहना चाहता था मैं , 

अब जरूर कहूंगा 

मैं तुम्हारा था , हूँ , और हमेशा रहूँगा | 

- पिंकी झा