मिल जाओ मुझसे जल्दी तुम,
और हाँ एक बड़ी फुरसत साथ लाना,
फुरसत क्यूँ ? बस ऐसे ही ,
ढेरों गानें सुनाने है,
तुम्हारे लिए कविताएँ लिखनी है,
अपनी पुरानी डाईरिया दिखानी है,
बहुत सी बातें बतानी है तुम्हें,
जैसे मेरे माथे के दाहिने तरफ की चोट का निशान मुझे छह महीनें की उम्र में लगी थी,
जैसे मुझे घर का एहसास आजकल कही नहीं होता,
जैसे बहुत ज़्यादा ऊचाई पर मुझे डर लगता है,
और ऐसा बहुत कुछ बताना है,
और जाननी भी है,
तुम से जुड़ी बातें,
बचपन का कौनसा किस्सा तुम्हें अब भी याद है,
तुम्हें कौनसी बातों से डर लगता है,
इस दुनिया का कौनसा कोना तुम्हें घर लगता है ,
और भी ऐसी हज़ारों बातें,
और जब कुछ बताने पूछने को नहीं होगा मैं तुम्हें बस देखना चाहती हूँ,
ये इतना वक़्त जो तुम्हारे बगैर बीता उसको भी आज में जीना चाहती हूँ,
बस इन्हीं और इन जैसी चीज़ों के लिए ही ,
तुम जब भी मिलो,
एक बड़ी फुरसत साथ लाना,
और हाँ जल्दी मिल जाओ |
- पिंकी झा
