कृष्ण की मुस्कान वह समर के आरब्ध पर

आज क्यों अस्पष्ट है आख्यान वो प्रारब्ध पर?

अधीरता से देखता हूं सृष्टि परावार को

नैकशेय बुद्ध हो घूमते हैं समष्टि के उपकार को

धर्म था की त्यज्य था निजप्राण भी कारूण्य पर

सम्राट ही अब तोड़ते हैं साम्राज्य के आधार को।

दृश्यता एक कल्पना है, अदृश्य हूं हर श्वास में

भाग्यरश्मि ढूंढता हूं पश्चिमी आवास में

पूर्ण का परिचित मगर शून्यता पहचान है

निस्तेज सी निष्प्राण देह, निःशब्द सा एक गान है,

भूमि का अपमान मैं कुछ पुरुष यह व्यवधान है,

रिक्त मन देखता यह शक्ति का अवसान है।

निज देह में निःस्तब्धता, अश्रुपूरित, विवर्ण सा

आग्नेय मैं, एक पितृद्रोही! हेमंत के एक पर्ण सा।

इंद्र का अधिकार वह महासिंधु का मह ज्वार भी,

कर्म की विपरीत धारा, बंद होते द्वार भी,

दर्मज्ञ दृष्टा देखता है बच रहा बस द्वेष है

क्रोध बन कर्तव्य सा, एक क्रंदित आवेश है।

चैतन्य की एक डोर थामे, अनभिज्ञ था मैं दंभ से,

साक्षी हां रहा किंतु तिमिर का आरंभ से।

एक रक्तिम निर्झरी में डूबते अवरोध का,

धर्म के आह्वान पर जलकांत के उस क्रोध का,

रूदन का, मृत्यु का और अंतरिम प्रतिशोध का,

मित्र मैं हूं आज भी उस वृद्ध से न्यवग्रोध का

विवेक का वह प्रज्वलन,

घेरे आशंकित मेघ सघन,

कान्हा! बस तुम्हे समर्पित यह क्रंदन