क्या रहूँ कैसे रहूँ रहना मुझे आया नहीं

मैं ज़रा जी लूँ मगर जीना मुझे आया नहीं

मैं उठा था सोचकर अच्छा करूँगा आज कुछ

सोचता ही रह गया करना मुझे आया नहीं

सीखता है गिरने से ही आदमी ये झूठ है

सौ दफा मैं गिर गया उठना मुझे आया नहीं

नफ़रतों के इस जहाँ में क्या बदल दूँगा बता

इश्क़ भी करके अगर चलना मुझे आया नहीं

ज़ात-मज़हब कुछ नहीं इंसान है इरशाद बस

भर दिए पन्ने कई लिखना मुझे आया नहीं