दर्द बनकर के एक लहर सा जीता है मेरे अंदर
मैं नहीं जीता एक ज़हर सा जीता है मेरे अंदर
दब गया हूँ ज़बानों के फ़िरक़ों के ज़ातों के नीचे
ये वज़न बन के एक दहर सा जीता है मेरे अंदर
चल रहा हूँ मैं या मेरे किरदार ये छल रहे हैं
ये शुबा हो के एक क़हर सा जीता है मेरे अंदर
उलझनों ने मेरी ख़्वाहिशों से उलझकर किया है
शोर ऐसा कि एक शहर सा जीता है मेरे अंदर
डर है इरशाद मेरा कि ग़म मेरा अफ़सोस मेरा
घुल सियाही में एक बहर सा जीता है मेरे अंदर
