१
लिए काम की क्षुधा आँख में वो शृगाल देखे तुमने?
मति तुच्छ और मलिन हृदय के अहं विशाल देखे तुमने?
नहीं देखे यदि, देखो प्रियतम! न्याय सिहिरता देखो तुम!
शपथ न्याय की लिए खड़ा अन्याय सिहिरता देखो तुम!
देखो कि कैसा दिखता था सैंतालिस से पहले भारत?
पहचानो कैसे दिखते थे ख़ाकी में शत्रु के सारथ!
शत्रु कि जिससे कठिन युद्ध कर छीना था हमने स्वराज!
उसी अरि के मित्र हुए आरूढ़ प्रजा पर लगा ताज!
पुण्यस्मरण में शासन के आलोलित होकर देखो तुम!
आंदोलन पथ पर आज प्रिये, आंदोलित होकर देखो तुम!
