आँख में भरकर समंदर जी रहा हूँ
टूट कर भी क्यूँ निरंतर जी रहा हूँ
रो रहा होगा ख़ुदा उसके लिखे पर
मैं यहाँ जिसके लिखे पर जी रहा हूँ
थक गया हूँ ज़िंदगी भर हारकर मैं
इस जहाँ पर बोझ बनकर जी रहा हूँ
क्या करूँगा देखकर मैं आइने जब
जानता हूँ ख़ाक-बर-सर जी रहा हूँ
मौत से तो दोस्ती सी हो चली है
क्या बताऊँ रोज़ मरकर जी रहा हूँ
छोड़ कर इरशाद रोना मुस्कुराना
आज ज़िंदा लाश होकर जी रहा हूँ

