दुआओं की बारिश,
जब मुझ पर हुई होगी,
तभी तू आकर मुझसे मिली होगी
घिरे जब भी बादल कहीं,
प्रकृति हरी होगी,
मुझे याद कर तू ख़ुशी से भरी होगी,
दुआओं की बारिश,
जब मुझ पर हुई होगी,
तभी तू आकर मुझसे मिली होगी
रहा होगा मन तेरा भी तो चंचल,
अकेले सिर्फ मुझी से,
न बात आगे बढ़ी होगी,
तेरा भी समय था मुझमें आकार लेता,
मेरे ही समय ने,
न सारी यादें गढ़ी होंगी
तेरा मिलना ऐसा और मिल के बिछड़ना,
लगा ऐसे जैसे बिना बादल के बरसना,
तेरे जाते ही एक ऐसा तूफाँ उठा था,
जल गया मन ऐसे जैसे धुआँ उठा था
न मिटी, न जली, न ही उड़ के जा सकी,
तव स्मृति, तव छवि, शेष बची रह गयी,
मेरा मन न माने न ही कुछ पहचाने,
तुझे ही रहा खोज आज भी क्यों न जाने,
आँखों में तेरी ही सूरत बसी होगी,
दुआओं की बारिश,
जब मुझ पर हुई होगी,
तभी तू आकर मुझसे मिली होगी
मेरी टीस शायद तेरे दिल पर लगी होगी,
तुझे मेरे पीड़ा की पहुँची ख़बर होगी,
तेरा मन मुझको ढूँढे-
मेरा पीछा करे जो,
कहीं ऐसी कभी कोई साजिश हुई होगी,
दुआओं की बारिश,
जब मुझ पर हुई होगी,
तभी तू आकर मुझसे मिली होगी
मुझे देख कर मुझे पहचान कर,
तेरे मन को भी थोड़ी तसल्ली हई होगी,
हुआ रंग गहरा नजर फ़ीकी पड़ी होगी,
कभी तूने जब मेरी रचना पढ़ी होगी,
दुआओं की बारिश,
जब मुझ पर हुई होगी,
तभी तू आकर मुझसे मिली होगी
मेरी ये दुआ है ख़ुदा से हे साथी,
मेरे मन की बातें कभी तूने सुनी होगी,
सूखे वृक्ष पर भी तो बारिश पड़ी होगी
मेरे यादों की दिल पर आहट हुई होगी,
तेरे आँसुओं में मेरी झलकी छवि होगी,
दुआओं की बारिश,
जब मुझ पर हुई होगी,
तभी तू आकर मुझसे मिली होगी...
