रोज़ बैठ के गुजिया में खोया भरता है,

समोसों में आलू भरता है,

नत्थू हलुवाई अपनी दुकान में सब करता है,

पर घर में? घर में छूता भी नहीँ है तरकारी,

घर के सब काम करती है हलवाईन बेचारी...

क्यों? क्योंकि इस काम के पैसे नहीँ मिलते...


दर्ज़ी चाचा सिलते रहते हैं कच्छे,

बोलते हैं 'शहर में सबसे अच्छे',

दिन भर गाहकों को पर फेंकते हैं बातों के लच्छे,

घर पर? घर पर उनसे सुई भी नहीं छुई जाती,

कमीज़ की बटन तब तक नहीं लगती जब तक चाची नहीं लगाती,

क्यों? क्योंकि इस काम के पैसे नहीँ मिलते...


पंसारी काका दुकान में सब सामान हैं उठाते,

चीनी को उढ़ाते, गेहूँ को बिछाते,

दिन भर तराजू और बाँट को हैं चमकाते,

घर में? घर में छूते भी नहीं हैं चौके का सामान,

कहते हैं, "ये सब हैं बहुरानी के काम",

क्यों? क्योंकि इस काम के पैसे नहीँ मिलते...


हरिया बाबू कलक्टर की करते हैं जी हुजूरी,

सेवा करते हैं अच्छे से पूरी,

फरमाइश कोई भी साहब की रहती नहीं अधूरी,

घर में? घर में बनते हैं शेर, अपनी बीबी- बच्चों को घेर,

हर बात को टालने में करते नहीं हैं देर,

क्यों? क्योंकि इस काम के पैसे नहीँ मिलते...