एक ख़त पापा के नाम …..

पापा,

पापा, पिताश्री, डैड, वालिद साब ! ये सारी संज्ञाएँ जो होती हैं पिताओं के लिए, मैं अक्सर बोला करती हूँ आपको इसके अलावा भी तो बोला करती हूँ, ‘पितेश्वर’ ‘पॉप्स’ ‘पॉपिंस’ ! मुझे पसंद है आपको अलग-अलग नामों से बुलाना, शायद आपको भी पसंद हो ये सब सुनना।

तो शुरू करते हैं, वो बातें.. जो मैंने और दीदी ने आपसे कभी कही नहीं.. दीदी बचपन से मम्मी की रही.. और मैं रही ‘पापा की’, वो पड़ोस वाले दादाजी जब बोलते थे कि ‘ आईं बड़ी पापा वाली’ अब सोचती हूँ तो लगता है कि जब इस बाप-बेटी सम्बंध का मोल भी नहीं मालूम था तब से ही स्वघोषित आपकी ही थी, पापा ।

सीखा है मैंने और दीदी ने आपसे साइकिल से लेकर ऐक्टिवा चलाना पापा! सुनो पापा, कार चलाना भी सीखा दीजिए ना ! सच में, चला ले जाएँगे ! आपकी ही बेटी हैं, समझते हैं आपका डर !

हमारी तो रोटियाँ भी गोल पापा ने ही बनवायी, चाय में चीनी ना होने पर भी आपका बोलना की ‘अच्छा है.. अच्छा है’

परीक्षाओं में कम नंबर पाने पर हौसला दे जाना ! जीवन में कुछ करना है, लेकिन डर कर नहीं, ये भी तो आपने ही सिखाया।

लोगों में ‘रीढ़’ नहीं होती, हमारी ‘रीढ़’ मिली है, हमें हमारे पिताश्री, आपसे! पंख तो पता नहीं, पर इस धरती पर चलना और लड़ना आपने ही सिखाया, पापा! बोलना सिखाया,

घर में, बड़े होना क्या होता है ? ये देखा और सीखा आपसे, सीखा आपसे, विपरीत परिस्थितियों में खड़े रहना.. माँ की बीमारी में उनके साथ लड़ना, ये जानते हुए कि कोई भी नहीं आगे-पीछे साथ लड़ने को ! असल में, माँ का जीवनसाथी बनते देखा हैं हमने आपको , पापा !

इतने सालों से माँ के ना होने पर पिता संग माँ का किरदार भी बख़ूबी निभाया है! बिना माँ, अकेले तो हैं आप ! ये बोलोगे तो कभी भी नहीं। हम बोल देते हैं! माँ की कमी है और हमेशा रहेगी पर जैसे आपने ख़ुद को सँभाला वो तो कमाल है ना !

जो ताक़त और हिम्मत हमें आपसे मिली है इस दुनिया से लड़ने की उसका तो कोई तोड़ ही नहीं!

आपने और दीदी ने मिल कर जो एक खेल बनाया था ना! कि मैं ‘पुल’ से मिली हूँ, वो कितना अजीब था.. क्योंकि मैं तो अपने पिता- माँ की बेटी हूँ ना ! और कोई कैसे ही हो सकता है ।

हम और दीदी भी आपसे बेहद प्रेम करते बस कह नहीं पाते .. पापा।