मेरा नाम है किसना जी
मैं भीख माँगकर खाता हूँ
उमर वुमर में क्या रखा
हर रोज़ ही ऐसा दिखता हूँ
यहाँ भीड़ लगी रहती दिनभर
एक से एक सुंदर लोगों की
पर कौड़ी तक न देते हैं
हो पर्स में गड्डी नोटों की
वो अक्सर मुझसे कहते हैं
मैं स्कुल क्यों न जाता हूँ?
हालत अपनी कह दूँ फिर भी
मैं मुट्ठी खाली पाता हूँ
पर मुझको इससे करना क्या
मुद्दा तो भूख मिटाना है
तुम ही बोहनी कर दो, अबतक
न मिला एक भी दाना है
एक छोटा दोना पोहे का
और तीन समोसे बड़े बड़े
दे चले हाथ में धीरे से
NGO वाले कहीं खड़े
पर मेरा दिन तुम जैसा कहाँ
बीते बिस्तर पर पड़े पड़े
ये कलम, फूल, गुड्डे, फ़ुग्गे
कब बिकते साहब खड़े खड़े
पौ फटने से छह बजने तक
मैं हर भगवान बुलाता हूँ
और शाम बटोरे पैसों से
मैं खाना लेने जाता हूँ
सारे हुस्न में अब केवल
बस तीन रुपए कम पड़ते हैं
ठेलेवाला चाचा मुझपर
जोर से झल्ला पड़ते हैं
कोई खबर सुनी थी डाके की
वो भी अपनी सरकारों से
अब हवा हो गए किसी देश
और गायब हैं अखबारों से
इतने पैसे नहीं हैं साहब
के प्लेन की टिकट ले लूँगा
मैं पेट की कसम खाता हूँ
कल भीख माँगकर दे दूँगा
©पराग पल्लव सिंह
