ये उन दिनों कि बात है जब लोगों को यकीं और मुझे भ्रम हो चला था कि मुझे जलसे में शरीक होने का बड़ा शौक था; गांव के किसी भी छोर कोई आयोजन हो मेरी उपस्थिति को लेकर किसी को कोई भ्रम न होता था।
यह कितना उपेक्षित सत्य है कि 'दुनिया कि नज़र में एक प्रेमी जितना खाली दिखता है वास्तव में होता नहीं है'। हाँ, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि उसकी बहुआयामी व्यस्तता का स्त्रोत एकमात्र होता है । और तो और आप सब इस बात से भी बहोत हद तक इत्तेफ़ाक़ रखते होंगे कि एक प्रेमी कि समस्याएं निहायत ही भिन्न्न और अधिकतर मौकों पे हास्यप्रद होती हैं । मुझे याद है मई के माह में सिर किसी अंगीठी में रखे कोयले सा गरम हो जाता था, चप्पल में घंटों एक ही ठौर धरे पैर मन ही मन मुझे कोसते थे, सूरज का ताप शरीर व्याकुल कर देता था परन्तु ह्रदय और निगाहें उसकी छत पे उसके आने का इंतज़ार दिन के रात से हारने तक करती थीं और शायद उसके बाद भी..
बिस्तर में करवटें फेरते हुए सोचता रहता की कही ऐसा तो नहीं उसके घरवालों को हमारे बारे में पता चल गया हो, कई मौकों पर मन इतना अधीर हो उठता कि सांस लेना भी बोझ सा मालूम होता।
जैसे जैसे व्तक्ति उम्र से हारता जाता है वह प्रेम के अनेक विश्लेषण और परिभाषाओं से परिचित होता जाता है; कुछ सही अन्य बहुत सही और कुछेक समझ के परे और अंततः विभिन्न स्त्रोतों एवं अनुभवों को ध्यान में रख के यही व्यक्ति प्रेम की एक नयी एवं पूर्णतया व्यक्तिगत व्याख्या खोज लेता है।
संवाद के अवसर इतने सीमित होते थे जितने गरीब के घर में चोरी होने के, महीनो के इंतज़ार और अकथनीय चेष्टा के उपरान्त कहीं एक सयोंग बन पाता था और उसमे भी बात करते पकडे जाने का भय अविराम गला रेतता रहता था ।
जो संवाद को संभव बनाने में मदद करते थे उनकी भी अपनी अपेक्षाएं थी...खैर उनके सहयोग के सम्मुख मेरी सारी सेवाएं तुच्छ थीं।
सघन भौंहे, घुंघराले बाल, गहरी भूरी आँखें और चंद्र के प्रतिबिम्ब सा चेहरा- ऐसा प्रतीत होता था जैसे वो मेरी सम्पूर्ण अभिलाषाओं का केंद्र हो, वो मेरा सर्वस्व हो
एक साल बीत गया था। मेरा हर ख्याल उसको समर्पित था । उसे गली में देख भर लेता तोह ऐसा लगता मानो सारे शरीर में ऑक्सीजन नहीं विद्युत् का प्रवाह हो रहा हो। एक अलग से अपनेपन की महक बदन में दौड़ जाती जब भी वो करीब से गुजरती ।
जब पहली बार मिला उस से ऐसा लगा लाखों की भीड़ के सामने खड़ा हूँ, दिमाग सही शब्द का चयन ही नहीं कर पा रहा था और होंठ किसी अपरिचित संकोच से मौन थे ।
हम एक दूसरे को आधे घंटे तक देखते रहे, जीवन की सारी परेशानियां तुच्छ थीं, उनका हमारे जीवन में कोई स्थान न था, मस्तिष्क में कोई हलचल न थी, ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो अपने परम उद्देस्स्य को पा लिया हो । ह्रदय में उल्लास के सिवा किसी और भावना या अनुभव के लिए कोई जगह न थी ।
जब रिचार्ज कूपन और मोबाइल फ़ोन का दौर आया तो दस रूपए इकठ्ठा करना आसान नहीं होता था । हर दिन दोपहर में जब सहपाठी बिस्कुट, टॉफी और टिक्की खाने जाते तोह कोई न कोई बहाना कर के मुझे कक्षा में ही रुके रहना पड़ता जिस से हर दो दिन में दस रुपये जोड़े जा सकें।
पर यही प्रेम जो निकटता में सबसे बलवान ज्ञात होता है बिछड़ने की संभावनाओं के समक्ष कितना बलहीन होता है
। यही प्रेम जिस में अपनी आस्था को प्रमाणित करने हेतु आप कुछ भी कर जाने को आतुर रहते हो एक क्षण ऐसा आता है जब आपका मौन आपका उपहास उड़ाता है और फिर भी आप मौन रहने को ही श्रेयस्कर समझते हैं ।
उसे शहर जाना था..पढ़ने।
'शहर' वास्तव में बदलाव का द्योतक है तभी से जान गया था ।
उसके जाने के तीन साल बाद एक बार बात हो पायी, वो रोई और मैं भी खुद को रोक न सका ।
पर उस दिन हम दोनों एक दूसरे से मिलने के लिए नहीं बल्कि बिछड़ने पर रो रहे थे । मैं आज भी कई बार उसका इंतज़ार करता हूँ, पर......
गांव में जलसे आज भी होते हैं पर अब वहाँ दिल नहीं लगता कुछ गुम सा लगता हैं...शायद मुझे जलसे कभी अच्छे नहीं लगते थे ।
18 साल हो गए हैं....
सोचता हूँ वो किसी जलसे में मिल जाये, किसी गली में मिल जाये, कही बस एक बार देख लूँ उसे और पूछ लूँ कि 'क्या हम कभी मिलेंगे...
©kaladharpankaz

