घर पहुँचकर ताला खोलता हूँ , बत्तियां जलाता हूँ और कपडे बदलने को होता हूँ कि उसका फ़ोन आ जाता है
कहाँ थे इतनी देर
याद नहीं करते न अब
ज़्यादा बोलते क्यूँ नहीं
पहले जैसे
हम घूमने कब चलेंगे
वो चिढ़ते हुए पूंछती है
मैं उसकी हर बात पूरे मन से सुनता हूँ
मेरे प्रति उसके नेह पर मन ही मन गदगद होता हूँ
अच्छा सुनो!
खैर रहने दो.. वो एक नयी बात अधूरी छोड़ फ़ोन रख देती है
मैं अधूरेपन से डरता हूँ
कुछ भी अधूरा मुझे सालता है
उसे मालूम है यह
मैं उसे फ़ोन करता हूँ वह रेस्पॉन्ड नहीं करती है
मैं दोबारा फ़ोन करता हूँ
वह हंस के कहती है
जानते हो मैं क्या कहने वाली थी
मैं अधीर हो प्रतीक्षा करता हूँ
मैंने तुम्हारी कविता पढ़ी बेबीलोन पर
तुम अच्छा लिखते हो
पर तुम्हारे लिखे में इतना दुःख क्यूँ है
वह उत्सुक हो पूंछती है
तुम सब की पीडा समझते हो
वह प्रशंसा करती है
ऐसा नहीं है शालू
मैं पन्नों पर भीतर के दुःख उलच रहा हूँ
स्वार्थी हूँ मैं असल में
वह अविश्वाश में हंस पड़ती है
उसे स्वीकार नहीं मेरा असाधारण न होना
©pankazkaladhar

