चूल्हे में ज़ौहर करने को कंडे नहीं बचे 

दूध की बाल्टी खूंटी पर सुन्न टंगी है 

गाय को मरे छः महीने हो गए 

पगहा भुसैले के कोने में ध्यानमग्न बैठा है 

नए मुलायम गर्दन की प्रतीक्षा में रत 

मेरी स्मृति में कौंधती हैं उसकी दुलत्तियाँ  

मन कचोटता है उसका असहाय विरोध 

तीन दिन नादे से मुंह फेरे बैठी रही 

जब मालूम हुआ 

मैंने बेच दी थी उसकी संतान महज़

दो सौ पचास रूपये में 

सोचकर की बछड़े से क्या भला होता 

फिर उसने दुलत्ती मारना छोड़ दिया  

चुपचाप खड़ी हो जाती साँस बांधकर 

दुहने के समय 

मुझे भयभीत करती थी उसकी चुप्पी 

सवेरे खूंटा बदलते समय कभी पुचकारता 

तो उसकी आँखों से आंसू टपक पड़ते 

मरने से ठीक पहले वो देख रही थी मेरी कमीज 

वही जिसे लिया था मैंने दो सौ पचास रूपये में 


©कलाधर पंकज