देह की देहरी से झरता अहं
बल का, वाक्पटुता का, सौंदर्य का
जीवन रीत गया
दम्भ-कूप सूख गया
उचित-अनुचित शुभ-अशुभ से मुक्त
'अम्मा', 'बप्पा', 'भाई', तीन अंतिम स्वर
एक क्षण में चीटियां चढ़ने लगीं
मान कर बरगद
पुत गयी मृत्यु देह पर काई की भांति
जड़ हो गयी नाव श्वाश की जीवन-सरोवर में
बिंथ गया मन बासी स्मृतियों से
संतान के नेह से
पूर्णकालिक विछोह से
देह शीतल हो गयी मिट गया रूप
विलुप्त हो गयीं कामनाएं
खो गया एक संसार ब्रह्माण्ड के विस्तार में
नहीं लौटेगा वह संध्या को
तुम्हे भी आशा नहीं होगी उसके लौटने की
दुःख इस बात का नहीं वह नहीं लौटेगा
दुःख यह कि तुम्हे ज्ञात है वह नहीं लौटेगा
भ्रम कितना नेकदिल है
काश! मृत्यु के पश्चात भी भ्रम जीवित रहता
मरे हुए के लौटने का ||
©pankazkaladhar

