जिन्हें ख़ुद का नहीं मालूम, मुझे ज्ञान बाँटते हैं,
मेरी ज़िंदगी को अपना सरकारी प्लॉट मानते हैं।
कहें—“पैसे बचाया कर”, स्वयं उधार खाते हैं,
मेरे खर्चों का हिसाब रख, ख़ुद EMI छुपाते हैं।
जो घर में बोल नहीं पाते, मुझे दबंग बनाते हैं,
जो पत्नी से डरे बैठे, मुझे रिश्ते सिखाते हैं।
कहें—“ग़ुस्सा बुरा है”, फिर वेटर पर चिल्लाते हैं,
मुझे संस्कार देकर घर में चप्पलें चलाते हैं।
मैं क्या पहनूँ, कहाँ जाऊँ—इन्हें चिंता सताती है,
मेरी ज़िंदगी इनकी बेरोज़गारी मिटाती है।
अब सुनती हूँ सभी की, खूब हामी भरती जाती हूँ,
फिर उनकी राय का अचार डालकर भूल जाती हूँ।
जो अगली बार ज्ञान दे, बस इतना पूछना है—
“आपकी ज़िंदगी सुधर गई… या मेरा ही बचा है?”
