सखी, क्या कर रही है आजकल?
तेरे चेहरे पर कैसी रौनक आई है आजकल।

सूनी-सी आँखों में फिर चमक समाई है,
लगता है तेरे मन में कोई ऋतु नई आई है आजकल।

कल तक जो हर आहट पर चौंक जाती थी,
वो किस बात पर यूँ मुस्कुराई है आजकल।

न कोई राजकुमार घोड़े पर आया है,
न चाँद तेरी खिड़की पर उतर आया है,

फिर तेरी आँखों में ये चमक कहाँ से आई है आजकल?

सखी हँसकर बोली—

“न कोई प्रेमपत्र आया है,
न कोई लॉटरी का नंबर आया है।”

“बस थोड़ी-सी अक्ल आई है आजकल।”

सखी, क्या कर रही है आजकल?
तेरी बातों में कैसी मिठास आई है आजकल।

पहले जो हर मूर्खता पर भड़क जाती थी,
अब देखकर हँसी आई है आजकल।

जो लोग खुद को ताजमहल समझते थे,
उनकी ईंटें भी दिखाई हैं आजकल।

सखी, क्या कर रही है आजकल?
तेरी चाल में कैसी अंगड़ाई आई है आजकल।

वो बोली—

“पहले मैं सबकी राय पर चलती थी,
अब अपनी समझ भी काम में लाई है आजकल।”

जो मुझे छोड़कर गए थे कभी,
उनकी याद भी कम-कम आई है आजकल।

जो मुझे समझाने बैठ जाते थे हर बार,
उन्हें सुनकर जम्हाई आई है आजकल।

सखी, क्या कर रही है आजकल?
तेरे मन में कैसी गहराई आई है आजकल।

“पहले मैं हर बात दिल पर ले लेती थी,
अब कुछ बातें हवा संग उड़ाई हैं आजकल।”

“पहले हर रिश्ते को बचाने दौड़ती थी,
अब कुछ नावें खुद डुबाई हैं आजकल।”

सखी, क्या कर रही है आजकल?
तेरे चेहरे पर कैसी तरुणाई आई है आजकल।

वो खिलखिलाकर बोली—

“न कोई चमत्कार हुआ है,
न किस्मत ने करवट खाई है।”

“बस जिन लोगों ने सिर दुखाया था,
उनसे थोड़ी दूरी बनाई है आजकल।”

सखी, क्या कर रही है आजकल?
तेरी बातों में कैसी सच्चाई आई है आजकल।

“मैंने दुनिया बदलने का सपना छोड़ दिया,
बस खुद से दोस्ती बढ़ाई है आजकल।”

“लोग कहते हैं मैं मतवाली हो गई हूँ,
सच तो ये है—”

“अपने मन की सुननी आई है आजकल,
इसलिए चेहरे पर ये रौनक छाई है आजकल।