मैं जोड़ रही थी रिश्ते, तुम घटने का कारण पूछ रहे,
मैं गुणा करूँ अपनापन, तुम अपना हिस्सा पूछ रहे।
मैंने सौ गलतियाँ माफ़ करीं, तुम एक लिए बैठे रहे,
मैं शून्य हुई जिस प्रेम में, तुम पूर्ण बने बैठे रहे।
मेरे आँसू खर्च हुए, तुम लाभ-हानि समझाते थे,
मैं दिल रखती थी मेज़ पर, तुम कैलकुलेटर लाते थे।
फिर जीवन ने चुपके से मुझको भी गणित सिखा दिया,
जितना पाया, उतना देना—यह सिद्धांत बता दिया।
अब कहते हो—“पहले जैसी पागल क्यों नहीं होती हो?
“बिन माँगे सब देती थी, अब हिसाब क्यों रखती हो?”
मैं हँसकर बोली—“प्रेम था, इसलिए गणित में कच्ची थी,
तुमने हिसाब सिखा डाला… वरना मैं कितनी अच्छी थी!
शारदा गुप्ता
