बेटे को केवल जीत, बेटी को सहना मत सिखाओ,
दोनों को किसी के “नहीं” का अर्थ समझना सिखाओ।
बेटी को हर पुरुष से डरकर जीना मत सिखाना,
बेटे को स्त्री मिली है तो उसे संपत्ति मत बताना।
प्रेम मिले तो मान रखना, न मिले तो राह बदलना,
किसी के छोड़ जाने पर उसका जीवन मत निगलना।
रिश्ता टूटे तो टूटने दो, साँसें क्यों तोड़ी जाएँ?
दिल के छोटे-से झगड़े में अर्थियाँ क्यों जोड़ी जाएँ?
बेटी है तो निर्दोष, बेटा है तो दोषी—यह भ्रम मिटाओ,
अपराध की कोई देह नहीं, दोनों को यह समझाओ।
किताबें, पद, प्रतिष्ठा देकर सफल बहुत कर दोगे,
मन में दया नहीं रखी तो शिक्षित हत्यारे भर दोगे।
घरवालों! बच्चों को विवाह के योग्य बाद में बनाना,
पहले क्रोध में भी सामने वाले को जीवित छोड़ना सिखाना।
बच्चों को लड़का-लड़की बनाने की जल्दी थोड़ी कम दिखाओ—
वरना अर्थियाँ उठती रहेंगी… पहले उन्हें मनुष्य बनाओ।
