प्रकृति बोली—

“पहली साक्षी
नदी को लाया जाए।”

सभा के द्वार खुले।

एक नदी आई…

पर वह वैसी नहीं थी,
जैसी कवियों की कविताओं में बहती है।

उसके केशों में
काई नहीं,
कालिख उलझी थी।

उसकी आँखों में
जल नहीं,
अनगिन कारखानों का धुआँ तैर रहा था।

वह चलती नहीं थी,
जैसे
अपना ही शव
कंधों पर ढो रही हो।

मनुष्य ने
नज़रें फेर लीं।

क्योंकि
पहचानने से पहले ही
वह पहचान चुका था।

प्रकृति ने पूछा—

“कहो नदी,
क्या कहना चाहती हो?”

नदी मुस्कुराई।

वह मुस्कान
वैसी थी,
जैसी कोई माँ
अपने ही पुत्र की अदालत में
सच बोलने से पहले मुस्कुराती है।

वह बोली—

“मैं शिकायत नहीं लाई।

मैं तो
अपनी स्मृतियाँ लाई हूँ।

मुझे याद है…

जब यह मनुष्य
पहली बार
मेरे जल में उतरा था।

उसने
मुट्ठी भर पानी लेकर
सूरज को अर्घ्य दिया था।

आज…

वही हाथ
मेरे ही जल में
ज़हर घोलकर पूछते हैं—

‘नदी मर क्यों रही है?

सभा में
मौन की लहर दौड़ गई।

नदी फिर बोली—

“मैंने
कभी किसी प्यासे से
उसका धर्म नहीं पूछा।

मैंने
कभी किसी खेत से
उसकी जात नहीं पूछी।

मैं तो
जिस ओर ढलान मिली,
उधर बहती रही।

पर मनुष्य…

उसने
मेरे किनारों पर
पहले दीवारें खड़ी कीं,

फिर
उन दीवारों के बीच
अपने ही भय को
‘विकास’ कह दिया।

सागर ने
धीरे से सिर झुका लिया।

बादलों ने
अपनी आँखें ढँक लीं।

तभी
नदी ने
मनुष्य की ओर देखकर कहा—

“तुम कहते हो,
तुमने बाँध बनाए।

सच है।

पर याद रखना—

जल को रोक लेना,
जल पर अधिकार नहीं होता।

जिस दिन
नदी बहना भूल जाए,

उसी दिन
सभ्यता जीना भूल जाती है।

मनुष्य
कुछ कहना चाहता था।

पर शब्द…

उसके होंठों तक आकर
सूख गए।

नदी ने
अपनी अंतिम पंक्तियाँ कहीं—

“मैं आज भी बहना चाहती हूँ।

पर मेरे भीतर
अब मछलियाँ नहीं तैरतीं,

तैरती हैं तुम्हारी अधूरी महत्वाकांक्षाएँ।

मैं आज भी
समुद्र तक पहुँचना चाहती हूँ।

पर हर मोड़ पर तुमने
मेरा रास्ता नहीं,

अपना भविष्य बाँध दिया।

इतना कहकर
नदी चुप हो गई।

सभा में पहली बार
कोई ताली नहीं बजी।

क्योंकि

कुछ गवाहियाँ
सुनी नहीं जातीं—

जीवन भर
अंदर गूँजती रहती हैं।