लोग पूछें मुझसे अक्सर, जीवन में क्या पाया है,
मैं कहती हूँ—माँ की बेटी होने का सौभाग्य कमाया है।
मेरे पद से, मेरे नाम से दुनिया मुझको जानती है,
पर मेरी हर एक सफलता माँ की मेहनत मानती है।
मेरे बोलों में जो सच है, माँ के ही संस्कारों का है,
मेरे भीतर जो साहस है, माँ के दिए विचारों का है।
मुझमें जितनी अच्छाई है, सब तुमसे ही आई है,
मेरी हर कमज़ोरी पर भी तुमने लाज बचाई है।
तुमने कभी नहीं सिखलाया, सबसे आगे बढ़ना है,
बस इतना सिखलाया मम्मी—गिरकर फिर से उठना है।
तुमने कहा, बड़ा बनना तो मन को छोटा मत करना,
कोई खाली हाथ मिले तो उसका अपमान मत करना।
जीत मिले तो विनम्र रहना, हार मिले तो सीख लेना,
जिसने तुमको दुख भी बाँटा, उसको बद्दुआ मत देना।
शायद इसीलिए दुनिया में सिर ऊँचा कर चलती हूँ,
तुम्हारे दिए संस्कारों को अपनी दौलत कहती हूँ।
मेरी सूरत में लोग भले मेरा चेहरा पढ़ लेते हैं,
मेरी सीरत में, मम्मी, सब तेरे दर्शन कर लेते हैं।
जब कोई कहता—“बेटी को संस्कार बहुत अच्छे मिले,”
उस एक वाक्य से मेरे मन में गर्व के सौ दीप जले।
मुझे गर्व है उस माँ पर जो रिश्तों का मान बचाती है,
ख़ुद टूटे तो चुप रहती है, घर टूटे तो जुड़ जाती है।
मुझे गर्व है उस माँ पर जो मन में मैल नहीं रखती,
अपना दिल दुख जाए फिर भी किसी का अहित नहीं करती।
आज तुम्हारे जन्मदिवस पर एक बात बतानी है—
मम्मी, मेरी हर उपलब्धि से बड़ी तुम्हारी बेटी कहलानी है।
मैंने जीवन में पद पाया, सम्मान मिले, पहचान मिली,
पर जिस दिन तुमने कहा “मेरी बेटी”—उस दिन पूरी शान मिली।
ग्यारह जुलाई मेरे लिए केवल जन्मदिवस का त्योहार नहीं—
जिस स्त्री की बेटी होने पर गर्व है, उस स्त्री के जन्म का दिन है यही।
ईश्वर से अगले जन्म की कोई बड़ी फ़रमाइश नहीं करूँगी—
बस तुम माँ बन जाना मेरी, मैं फिर तुम्हारी बेटी बनूँगी।
जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएँ, मम्मी
आपने मुझे केवल जन्म नहीं दिया, ऐसा बनाया कि मैं गर्व से कह सकूँ—
“मैं आपकी बेटी हूँ।”
— आपकी बेटी, शारदा गुप्ता
