बात ज़रा-सी थी, मैंने पहाड़ कर लिया,
उसने “ठीक है” लिखा—मैंने संसार पढ़ लिया।

किसी ने फ़ोन नहीं उठाया आधे घंटे तक,
मैंने झगड़ा, दुर्घटना, मृत्यु—सब तैयार कर लिया।

बॉस ने कहा—“कल ज़रा मिलना मुझसे,”
मैंने नौकरी जाने से पेंशन तक विचार कर लिया।

वो हँसकर किसी और से दो बातें क्या कर ले,
मैंने प्रेम, धोखा, विरह का ग्रंथ तैयार कर लिया।

डॉक्टर ने कहा—“चिंता की कोई बात नहीं,”
मैंने सोचा—ज़रूर कोई बात है जो बता नहीं रहे

रात ने कहा—“सो जा, सुबह दफ़्तर भी जाना है,”
दिमाग़ बोला—“पहले सन् 2009 की एक बेइज़्ज़ती निपटाना है।”

मैंने ध्यान लगाया कि विचार शांत हो जाएँ,
विचार कुर्सियाँ खींचकर बोले—“बैठो, कुछ पुराने मुद्दे उठाएँ।”

ईश्वर से कहा—“प्रभु! मन को थोड़ा विश्राम दीजिए,”
बोले—“पहले जो समस्याएँ भेजी ही नहीं, उनका हिसाब तो दीजिए!”

जो बीत गया, उसका पोस्टमार्टम करती हूँ,
जो आया नहीं, उसका अंतिम संस्कार करती हूँ।

वर्तमान बेचारा दरवाज़े पर खड़ा रह जाता है,
मेरा मन भूत और भविष्य को चाय पिलाता है।

अब मैंने दिमाग़ से कहा—“थोड़ा सामान्य रहा कर,”
वह हँसकर बोला—“तू पहले एक बात का सौ अर्थ निकालना बंद कर।”

मैंने कहा—“ठीक है, आज से कुछ नहीं सोचूँगी।”

वह चुप हो गया।

मैं घबरा गई।

अब सुबह से यही सोच रही हूँ—

इतना चुप क्यों है?
ज़रूर कुछ सोच रहा है।