मैं पूछ रही थी रातों से—
अब मेरा आखिर क्या होगा?
जो घर ही मुझसे छूट गया,
फिर जीवन में क्या शेष होगा?
तब भीतर से आवाज़ उठी—
क्यों अंत समझकर रोती है?
जो नाव किनारा खोती है,
क्या सागर में ही सोती है?
कुछ रिश्ते उम्र नहीं होते,
बस जीवन-पाठ सिखाते हैं,
कुछ हाथ छुड़ाकर जाते हैं,
पर खुद से हमें मिलाते हैं।
मैं टूटी तो यह जान सकी—
हर हार में नव निर्माण रहा,
मैं घर में ईश्वर ढूँढ़ रही,
मेरे भीतर भगवान रहा।