सुना था अभियंता जुगाड़ू होते हैं,
संकट में सबसे धाकड़ होते हैं।

तुमने भी अपना हुनर दिखाया,
रिश्तों में अद्भुत गणित लगाया।

प्रेम घटाया, अधिकार बढ़ाया,
दोष स्वयं का मुझ पर लगाया।

वादों का नक्शा, छल की दीवार,
नींव में स्वार्थ, छत पर अहंकार।

मैं जोड़ती रही हर दरार,
तुम ढूँढ़ते रहे नया जुगाड़।

जब ढहा रिश्ता, तुमने फ़रमाया—
“तुमसे ही ये घर बच न पाया!”

वाह अभियंता! क्या हुनर कमाया—
घर भी तोड़ा, दोष भी लगाया;


दिल मेरा था, दर्द भी मेरा—
तुमने बस मलबे पर नाम लिखाया।