मैं सोचूँ माँ को क्या दूँ, शिव का कैसे मान करूँ,
जिनसे मेरा जीवन बचा, उनका क्या सम्मान करूँ।

फूल चढ़ाऊँ? फूल भी तो उनकी धरती पर खिलते हैं,
दीप जलाऊँ? सूर्य-चाँद भी उनकी इच्छा से मिलते हैं।

जल चढ़ाऊँ महादेव को? गंगा जिनसे धारा है,
माँ को चुनरी क्या दूँ, जिनका स्वयं जगत उजियारा है।

फिर सोचा अपना जीवन ही दोनों के चरणों में धर दूँ,
पर यह जीवन भी उनका है, किस वस्तु का अर्पण कर दूँ?

मेरी साँसें उनकी दी हैं, मेरी शक्ति माँ की माया,
मेरे भीतर धैर्य जो बचा, शिव ने ही तो है उपजाया।

मैं जब अपनी नहीं रही थी, दोनों मेरे साथ रहे,
मेरे सारे अपने छूटे, फिर भी उनके हाथ रहे।

कैसे कह दूँ धन्यवाद मैं, शब्द बहुत ही छोटे हैं,
मेरे आँसू तक उनके हैं, जो चरणों पर होते हैं।

मैं क्या अर्पित करूँ उन्हें, जब ‘मैं’ भी उनकी देन हुई—
बस इतना है—काली मेरी माँ हुईं, और शिव से मेरी साँस हुई।