मैं कविता इसलिए नहीं लिखती
कि लोग कहें—“वाह, क्या लिखा है!”

मैं लिखती हूँ क्योंकि इस समाज में
बहुत-सी चीखों के पास आवाज़ नहीं,
बहुत-से आँसुओं के पास आँखें नहीं,
और बहुत-से सच ऐसे हैं
जिन्हें बोलने वालों से पहले
दफ़ना दिया जाता है।

मैं उन प्रश्नों पर लिखना चाहती हूँ
जिनसे सभ्य समाज नज़रें चुराता है।

उस बच्ची पर,
जिसकी चीख से पहले उसका चरित्र पढ़ा जाता है।

उस माँ पर,
जिसके त्याग को कर्तव्य कहकर
कभी धन्यवाद तक नहीं दिया जाता।

उस पिता पर,
जो जीवन भर घर उठाता है
और बुढ़ापे में घर के एक कोने जितना रह जाता है।

उस स्त्री पर,
जिसे सहने पर संस्कारी
और बोलने पर बदतमीज़ कहा जाता है।

उस आदमी पर भी,
जिसे बचपन से सिखाया गया—
“मर्द रोते नहीं,”
और फिर एक दिन पूछा गया—
“तुम इतने पत्थर क्यों हो?”

मेरी कविताएँ फूलों की सजावट नहीं,
समय के चेहरे पर रखे हुए आईने हैं।

कुछ चेहरों को अपना प्रतिबिंब अच्छा नहीं लगेगा,
कुछ हाथ आईना तोड़ने भी आएँगे

मगर मैं लिखूँगी।

क्योंकि जिस दिन
कलम ने सच से समझौता कर लिया,
उस दिन लेखक तो जीवित रहेगा—

लेकिन साहित्य मर जाएगा।

शारदा गुप्ता