लोगों को लगता है, हर मुश्किल से खुद निकल आई हूँ,
कौन बताए, शिव-काली की उँगली पकड़कर आई हूँ।

कुछ रातों में साँसें थीं, पर जीने का आधार न था,
माँ के सिवा उस अँधियारे में मेरा पहरेदार न था।

जब मन अपने ही प्रश्नों से थककर चुप हो जाता था,
महादेव का मौन कहीं से मुझमें उतर आता था।

जब दुनिया के रिश्तों से विश्वास मेरा उठ जाता था,
माँ का चेहरा देख हृदय फिर थोड़ा साहस पाता था।

कितनी बार बिखरने वाली अंतिम सीमा तक आई,
काली ने तब खड्ग उठाया, शिव ने बाँह बढ़ाई।

माँ ने मेरे भय को काटा, शिव ने विष को थाम लिया,
मैंने जितना दर्द सहा था, दोनों ने आधा बाँट लिया।

आज खड़ी हूँ तो मत समझो, मुझमें कोई बात बड़ी,
मेरे पीछे दो शक्तियाँ थीं, इसलिए मैं रही खड़ी।

मैं दुनिया से लड़कर जीती—कहना कितना झूठा है,
शिव-काली ने हाथ न थामा होता… मेरा बचना मुश्किल था।

दुनिया को लगा मैं अपने साहस से बची हूँ, पर केवल मैं जानती हूँ कि कितनी रातें माँ काली और महादेव ने मुझे टूटने से बचाया है।