आज मेरा कूड़ादान
मुझ पर हँस पड़ा।

मैंने पूछा—
“क्यों?”

बोला—

“बड़ी समझदार बनती हो!

मुझे रोज़ खाली करती हो
कि घर में बदबू न हो,

और अपने भीतर?

दस साल पुरानी बेइज़्ज़ती,
पाँच साल पुराना धोखा,
चार अधूरे रिश्ते,
सात सौ पछतावे—

सब सँभालकर रखे हैं।”

मैं चुप रही।

वह बोला—

“कमाल की औरत हो!

सड़ी हुई सब्ज़ी
एक रात नहीं रखती,

और सड़े हुए रिश्ते
आधी उम्र रख लेती हो।

टूटा सामान
तुरंत बाहर कर देती हो,

पर टूटे हुए भ्रमों को
अब भी सजाकर बैठी हो।

मेरे भीतर कचरा डालते समय
नाक ढक लेती हो,

और मन में भरी नफ़रत को
‘यादें’ कहकर महकाती हो।”

मुझे थोड़ा बुरा लगा।

मैंने कहा—

“अपनी औक़ात में रहो,
तुम एक कूड़ादान हो।”

वह ज़ोर से हँसा।

बोला—

“यही तो अंतर है हम दोनों में।

मैं जानता हूँ
कि मेरे भीतर कचरा है।

तुमने अपने कचरे को
‘भावनाएँ’,
‘रिश्ते’,
‘उम्मीदें’
और ‘अपनापन’ जैसे
सुंदर नाम दे रखे हैं।”

मैं निरुत्तर थी।

जाते-जाते वह बस इतना बोला—

“घर साफ़ रखने वाली औरत,

कभी ख़ुद को भी साफ़ कर लिया करो।

क्योंकि मकान की गंदगी से
बीमार शरीर होता है,

और स्मृतियों की गंदगी से—

पूरा जीवन।”