न कोई ज़ख़्म दिखता है, न कोई चोट भारी है,
मगर कुछ खाए जाता है, अजब-सी बीमारी है।
हँसी भी रोज़ आती है, मगर ठहर नहीं पाती,
न जाने कौन-सी चिंता मेरे भीतर जारी है।
किसी से बैर भी तो नहीं, किसी से चाह भी कम है,
मगर इस शांत चेहरे के तले कोहराम भारी है।
मैं ख़ुद से पूछती हूँ रोज़—आख़िर खो गया है क्या?
मेरा सब कुछ सलामत है, तो फिर किसकी कमी जारी है?
कभी सोचा था जीवन में बहुत कुछ करके देखूँगी,
मगर “कल” पालते-पलते कई कल मरते देखूँगी।
किसी की फ़िक्र में आधी, किसी के मान में आधी,
मैं सबकी हो गई पूरी, रही ख़ुद के लिए आधी।
जो कहना था, उसे हर बार रिश्तों पर टाल आई,
जहाँ आवाज़ देनी थी, वहाँ मुस्कान डाल आई।
मेरे हिस्से की इच्छाएँ अभी तक राह तकती हैं,
मेरी अलमारियों में बंद कुछ उम्रें सिसकती हैं।
शायद मैं सबको रखते-रखते ख़ुद को भूल आई हूँ—
मुझे कोई नहीं खाता… मुझे मेरी ही तलाश खाए जा रही है।
