उपवास रखिए,

मगर अपनी नीयत का भी।

व्रत रखिए,

अपनी कड़वी वाणी का भी।

मंदिर में सिर झुकाने से पहले

अपने अहंकार को झुकाइए,

माँ दुर्गा के चरणों में फूल चढ़ाने से पहले

किसी के जीवन से काँटे हटाइए।

किसी का हक़ छीनकर

धर्म की पताका मत लहराइए,

किसी का दिल तोड़कर

विजयादशमी मत मनाइए।

रावण के दस सिर थे,

हमने तो चेहरे ही दस बना लिए

एक दुनिया के सामने,

एक घर के भीतर,

और एक अपने ज़मीर से छिपाने के लिए।

हर साल पुतला जलता है,

हर साल बुराई हारती है—

फिर क्यों किसी की बेटी डरती है,

क्यों किसी की मेहनत शोषण सहती है?

इस बार रावण को

मैदान में नहीं,

अपने व्यवहार में खोजिए।

क्योंकि रावण होना पाप नहीं,

अपनी बुराई को राम का नाम देना

सबसे बड़ा छल है।

दशहरा उस दिन होगा,

जब तीर पुतले पर नहीं—

हमारे भीतर बैठे

झूठ, लोभ और अहंकार पर चलेगा