मैंने माँ से खड्ग लिया और हर अन्याय से लड़ने लगी,
जिसने थोड़ा घाव दिया, मैं उससे प्रश्न करने लगी।
माँ ने पूछा—“शक्ति मिली तो क्रोध कमाया क्यों बेटी?
हर पत्थर को शत्रु समझकर खड्ग उठाया क्यों बेटी?
कुछ लोगों को उत्तर देना अपना मान घटाना है,
कुछ दरवाज़ों से चुपचाप निकल जाना जीत जाना है।
हर अपमान का बदला लेकर मन निर्मल कब होता है?
आग बुझाने वाला भी तो आग पकड़कर रोता है।
मैंने पूछा—“मौन रहूँ तो लोग मुझे कमज़ोर कहेंगे,
माँ बोलीं—“जो तुम्हें न समझे, वे कुछ भी कह देंगे।
“शक्ति शोर मचाने में नहीं, शांत खड़े रह जाने में,
जिसको मन से छोड़ चुकी हो, फिर न लौटकर आने में।
“खड्ग दिया था सत्य और असत्य अलग कर पाने को,
हर गर्दन पर नहीं, स्वयं के मोह काटते जाने को।
जिस दिन बदला ले सकती हो, फिर भी मन में विष न भरो—
समझो उस दिन काली हो तुम, अब मुझसे कुछ प्रश्न न करो।
