इंसानों से धोखे खाकर ये असर होने लगा है,
मुझे हर जानवर अब आदमी से बेहतर लगने लगा है।
कोई कुत्ता दिखे तो रुककर हाल उसका पूछ लेती हूँ,
मनुष्यों को ज़रा दूरी से देखूँ, फिर समझ लेती हूँ।
बिल्लियाँ रूठें तो कम-से-कम वजह मालूम होती है,
मनुष्य हँसता रहे फिर भी नीयत संदिग्ध होती है।
परिंदों को मैं दाना दूँ, तो कल फिर लौट आते हैं,
मनुष्य पेट भरते ही नया मालिक बनाते हैं।
गाय को रोटी खिलाऊँ तो दुआ-सी आँख मिलती है,
यहाँ एहसान कर दो तो शिकायत मुफ़्त मिलती है।
कभी कछुआ, कभी चिड़िया, कभी कुत्ता उठा लाती हूँ,
मैं धीरे-धीरे अपना घर चिड़ियाघर बनाती हूँ।
मेरी माँ पूछती है—“आख़िर कितने जानवर पालोगी?”
मैं कहती हूँ—“जिस दिन इंसानों को समझ गई, उस दिन रोक दूँगी।”
मगर मुश्किल यही है—उम्र जितनी बढ़ती जाती है,
मनुष्यों की नई प्रजाति रोज़ सामने आती है।
अब डर बस एक है—कहीं ये शौक़ हद से बढ़ न जाए,
किसी दिन घर में मेरे रहने की ही जगह कम पड़ जाए।
मगर जानवर निकालूँ भी तो निकालूँ किस बहाने से—
कम-से-कम ये धोखा तो नहीं देते
ख़ुद को मेरा कहने के बहाने से।
