एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी

एक तारे के जाने से
नभ मत भूल जाना, सखी।

एक पत्ता झर जाने से
शजर नहीं मर जाता है,

एक मौसम के रूठने से
घर नहीं बिखर जाता है।

एक सूखे से कुएँ पर
जल मत भूल जाना, सखी

एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी।

एक रिश्ते के छूटने से
प्रेम नहीं मर जाता है,

एक सपने के टूटने से
मन नहीं बिखर जाता है।

एक आँसू की ख़ातिर
हँसना मत भूल जाना, सखी,

एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी।

तेरे भीतर धूप भी है,

तेरे भीतर छाँव भी है,

तेरे भीतर हार भी है,

तेरे भीतर दाँव भी है।

एक ठोकर के कारण
राह मत भूल जाना, सखी

एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी।

मैंने कितनी स्त्रियाँ देखीं,

एक दुख में खो जाती हैं,

एक खाली कोने की ख़ातिर

पूरा घर खो जाती हैं।

एक कमरे की वीरानी में
घर मत भूल जाना, सखी

एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी।

जो नहीं है, उसका मातम
उम्र भर करना आसान है,

जो मिला है, उसकी कीमत
समझ सके तो ज्ञान है।

एक काँटे की ख़ातिर
फूल मत भूल जाना, सखी

एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी।

तेरे हिस्से चाँद न आया,
तो क्या सारी रात गई?

एक नदी ने साथ छोड़ा,
तो क्या सारी बात गई?

एक दरवाज़ा बंद हुआ तो
नगर मत भूल जाना, सखी

एक चीज़ की कमी से
फ़क़ीर मत बन जाना, सखी।