बरखा ने जब चूम लिया, वन का हर अभिमान,
भीगे पत्ते लिखने लगे, सावन का फरमान।

फूलों की चौखट पर आकर, एक भँवरा मुस्काया,
भीगी पंखुड़ियों के होठों पर, प्रेम-गीत दोहराया।

बोला—“मैं मधु का राही हूँ, मेरा कोई गाँव नहीं,
जिस दिल में खुशबू बसती हो, उससे बढ़कर ठाँव नहीं।

बूँदों ने जब पंख भिगोए, उड़ना थोड़ा कठिन हुआ,
फिर भी उसने प्रेम न छोड़ा, मन पहले से गहन हुआ

एक कली ने हँसकर पूछा—
“इतना भीगोगे तो क्या होगा?


भँवरा बोला—
“प्रेम जहाँ हो, भीगना ही सौभाग्य होगा।

मैं फूलों का स्वार्थ नहीं, उनका मौन सहारा हूँ,
क्षणभर का मेहमान सही, पर जीवन भर का प्यारा हूँ।

मधु पीकर भी लौट न जाऊँ, इतना मेरा धर्म नहीं,
जिससे प्रेम किया हो सच्चा, छोड़ दूँ—यह कर्म नहीं।

बादल जितना गरज रहा था, उतना मन विनम्र हुआ,
भीतर जितना प्रेम बढ़ा, उतना जग से कम हुआ।

बरखा थमी, धूप निकल आई, फूलों ने ली अंगड़ाई,
भँवरे ने मुस्काकर बोला—
“प्रेम बचा तो ऋतु भी आई।”

सावन केवल जल नहीं है, यह विश्वास जगाता है,
जो भी सच्चे मन से चाहे, वह भीगकर खिल जाता है।