वह गया था ऐप पर अपने जैसा कोई ढूँढ़ने,
जो समझे उसे, लगे न पीछे आदतें सुधारने।

जो सवाल कम करे, हर बात पर सहमति जताए,
वह देर से उत्तर दे तो चुप रहे, ख़ुद देर करे तो मुस्काए।

जो उसकी आज़ादी समझे, अपनी सीमाएँ भूल जाए,
वह जब चाहे दूर हो जाए, वह फिर भी पास बुलाए।

जो उसके मौन को समझे, अपना दुःख न सुनाए,
उसकी हर उलझन सुलझाए, अपनी गाँठें छिपाए।

जो उसकी कमियों को भी व्यक्तित्व कहकर मान ले,
और अपनी छोटी भूल पर ख़ुद को दोषी जान ले।

चेहरे बदले, बातें बदलीं, हर बार यही मलाल मिला—
किसी में धैर्य कम मिला, किसी में अधिक सवाल मिला।

वह हर चेहरे को बाएँ-दाएँ करता रहा,
अपने मन का साँचा लेकर दुनिया भर में फिरता रहा।

फिर एक दिन सच ने हँसकर उससे सवाल किया—
“तुझे साथी चाहिए था… या अपना प्रतिबिंब चाहिए था?”

वह चुप रहा।

क्योंकि जिसे वह वर्षों से
“अपने जैसा कोई” कहकर खोज रहा था—

यदि सचमुच अपने जैसा कोई मिल जाता,
तो शायद वह भी उसे देखकर
अगले चेहरे पर उँगली सरका जाता।