मैं तेरे साथ हूँ

तेरे रूमाल पर

सपनों की बेल-बूटियां जो गढ़ी थी मिल कर ,

उन में महका हुआ सा

अभी भी हूँ मैं

तेरे कुर्ते की सलवटों में कहीं

मेरी यादों के क़िस्से

सर छुपाए बैठे हैं ।

तेरी मुस्कान की छाँव मे

सुकून के दो पल

अभी भी ठहरे हैं ।

जब भी तुम

सलवटें सहलाओगे

मेरे होने का

कोई क़िस्सा उभर आएगा ।

ख़ामोशियों से पिघलता हुआ

मौसम जैसे

बनके मल्हार तेरे आँगन मे

पसर जाएगा

एक परिचित-सा अहसास

जब हथेलियों पर ठहरे

समझ लेना

मैं वहीं हूँ…..साथ तेरे ।