एक भिखारी था लाता
हर दिन भिक्षा माँग
खा पीकर जो बचता
देता था छींके पर टांग ।
कितने ही दिन हो गए
जब ऐसा करते करते
छिंके पर का घड़ा भी
भर गया भरते भरते ।
एक दिवस वह भिक्षुक
घड़ के नीचे डाले खाट
लगा सोचने घड़ा देख
अब तो होंगे मेरे ठाट ।
इन्हें बेचकर चंद मुर्गियाँ
मैं लेकर आऊंगा
उनसे अंडे और अंडों से
मैं ढेरों मुर्गे पाऊंगा ।
बेच सभी मुर्गे मुर्गी को
ले आऊंगा बकरी
फिर बकरी से बकरों की
जब संख्या होगी तगड़ी ।
उन्हें बेचकर गाएँ फिर
गायों को बेच के घोड़ी
इस प्रकार धन धान्य की
लग जाएगी जब ढेरी ।
चार कमरों का इक मकान
अपना मैं बनवाऊंगा
किसी धनी की बेटी को
तब व्याह यहाँ लाऊंगा ।
फिर एक लड़का होगा
मैं खेलूंगा उसके साथ
पत्नी लगी काम में होगी
अपनी व्यस्तता के साथ ।
बच्चा रोएगा और पत्नी
जब ना दे पाएगी ध्यान
एक लात जोर से उसे
दूँगा मैं पीछे से तान ।
ऐसा सोच चलाया उसने
बड़ जोर से लात
फूटा छिंके का घड़ा
और हुई आवाज फटाक ।
इसके संग् ही टूट गया
दिवा स्वप्न भी उसका
सिर्फ सोचने से मनोरथ
पूर्ण हुआ है किसका ?

