"Covid 19 कोरोना महामारी से बचाव हेतु दिन रात मेहनत करने वाले सभी डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मचारी, सफाई कर्मचारी, पुलिस ऑफिसर, ऑफिसर, सबको मैं नमन करती हूं|

यह कविता मैं उनको समर्पित करती हूं, इस कविता में उदाहरण के तौर पर मैंने एक काल्पनिक पुरुष डॉक्टर की कहानी ली है जो इस प्रकार है,

एक मां हर दिन अपने बेटे को फोन करती है और उससे समाचार पूछती है कि बेटा तू कैसा है, रोज यही सवाल पूछे जाने पर वह बेटा अपनी मां से पूछता है कि

मां तू रोज यही सवाल पूछती है तुझे कुछ और नहीं जानना,

तो इस पर उसकी मां इस प्रकार उत्तर देती हैं" -

कुछ और मुझे क्या है जानना,

तू सुरक्षित रहे बस यही है कामना|


कानों में जब तेरी आवाज आती है,

विचलित मन को वह तसल्ली दे जाती है|


मन ही मन भगवान का शुक्रगुजार करती हूं,

और तू सुरक्षित रहे यही गुहार करती हूं||


क्या बताऊं डर के साए में जी रही हूं,

अपना दुख कैसे अंदर ही अंदर पी रही हूं|


मंदिर में अखंड ज्योत मैंने जलाई है,

और तू सुरक्षित रहे यह इच्छा मैंने प्रभु को बताई है||


तेरे पापा अपना दुख बताने से कतराते हैं,

पर कभी-कभी भावुक मन से अपनी व्यथा बतलाते हैं|


हर पल वह बस तुझे ही याद करते हैं,

और तू सुरक्षित रहे यही फरियाद करते हैं||


तेरी बहन के कमरे में जब भी जाती हूं,

उसे कहीं खोया पाती हो|

गुमसुम गुमसुम कुछ विचार करती है,

और तू सुरक्षित रहें यही दुआ हर बार करती है||


क्या वापस तू आ नहीं सकता,

अपनी मां के लिपट सुकून पा नहीं सकता,

फिर पापा के साए में दिन बिता नहीं सकता,

और तू सुरक्षित है यह दिखा नहीं सकता ||


"यह एक मां के मन का एक परिवार के मन का डर था परंतु उनके बेटे के लिए भी है सब आसान नहीं है वह अपने फर्ज और अपने घर के बीच फंस चुका है,

उसने अपनी मां से क्या कहा यह मैं इस कविता द्वारा बता रही हूं|"

आकर जो तेरे आंचल में छुप जाऊं,

तो मां, मैं कायर कहलाऊं|


अपने कर्तव्य से मैं भाग नहीं सकता,

और अपने कर्म को मैं त्याग नहीं सकता|


मां तेरा बेटा तो अपना फर्ज निभा रहा है,

और वह भी एक सच्चा देशभक्त है यह बता रहा है|


होगी यह महामारी बहुत भयंकर,

पर हमें भी तो रहना है अपने काम में डटकर|


तू दुखी ना हो, तू ही तो मेरी हिम्मत है माई,

तूने ही हर दम है बचाया, मुसीबत की घड़ी जब आई|


पापा को बोलना, सुनने को बेचैन हूं मैं उनकी डांट,

बहन को कहना, लड़ने को बेचैन हूं मैं उसके साथ|


कोई भी ऐसा लम्हा नहीं जाता होगा,

जिसमें तुम्हारा ख्याल ना सताता होगा|


तुम खुश रहो यही मेरी कामना है,

और तुम स्वस्थ रहो यही मेरी मनोकामना है||


सीखा नहीं है कभी भी तेरे बेटे ने हारना,

तुझे तो पता ही है मां कर सकता है सबका वह सामना|


अभी कैसे आ जाऊं मां,

अभी तो जंग बाकी है|

और यह जो सफेद चोगा है हमारे बदन पर,

अब वह भी एक खाकी है||

अब वह भी एक खाकी है||

- ओजस्वनी शर्मा

"मेरे अलफ़ाज़"