अब कई मौसम बीत गए हैं,
धूप वही है,
छत भी वही,
वो पुराना अमरूद का पेड़ अब भी हरा है —
बस वो चिड़िया नहीं आती।

कभी सोचता हूँ —
क्या मैं ही अब वो घर नहीं रहा,
या वो किसी और घर की सुबह हो गई?
उसकी चोंच में जो तिनके थे,

उनसे उसने शायद कहीं और घर बना लिया है —
या शायद अब उसका कोई घोंसला ही नहीं रहा?
कुछ लोग कहते हैं —
चिड़ियाँ लौट आती हैं,
अगर मौसम सही हो।

पर मैं जानता हूँ —
कुछ परिंदे सिर्फ एक बार आते हैं,
और लौटते नहीं।
चाहे डालियाँ हरी रहें,
या इंतज़ार बूढ़ा हो जाए।

-पंकज साहनी