मैं कवि हूँ प्रेम के कुछ गीत गाता हूँ तुम कविता बन गयीं, जो गुनगुनाता हूँ प्रेम का आनंद हो या हो विरह की वेदना मेघदूतों ने सुनाई कालिदास की कल्पना चिरपुरातन गीत को मैं, नई तरह दुहराता हूँ तुम कविता बन गयीं, जो गुनगुनाता हूँ।। मेरी आंखों से गिरा जब कभी नमकीन पानी बन कविता जी उठीं है कागजों मे भी जवानी। दर्द को शब्दों की माला मे पिरोता हूँ तुम कविता बन गयीं, जो गुनगुनाता हूँ यज्ञ की ज्वाला तू पावन मैं समिधा यज्ञ की बिन तेरे मैं कुछ नहीं मेरे बिन तुम भी नहीं। खुद को तेरी आग में हर पल जलाता हूँ तुम कविता बन गयीं, जो गुनगुनाता हूँ मैं कुरूप काली रातों सा तु पूरन का चांद सखी तेरा आना, मेरा जाना एक दूजे की जान सखी। विरही होकर, क्रौंच के जैसे, मैं रातों को रोता हूं तुम कविता बन गयीं, जो गुनगुनाता हूँ