गाँव की गुरबत, इस शहर मे खो गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी गन्ध माटी की वसन्ती, खुशबुओं मे खो गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।। बोली मेरी हुई पराई, शहर के इस शोर में नयी भाषा सीख ली, नयी किरण की भोर में छुटा हर रिश्ता मधुर, डोर मीठी टूट गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।। कसमसाती सी सुबह, और अल्लढ़ शाम थी चिलचिलाती दोपहर, काली घनेरी रात थी शहर आकर रात दिन की, परिभाषा खो गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।। छाँव पीपल और बरगद, जामुनों की डाल प्यारी मन्जरों से पट रही, आम की हर बाग न्यारी बुलबुलों की बोलियों की, रागिनी ही सो गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।। पाँव जो चलते रहे, कर्म पथ बढ़ते रहे स्वेद गिरकर खेतों में, स्वर्ण बन उगते रहे उस कनक की स्वाद भीनी, होटलों मे खो गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।। महक थी सांझे चूल्हे की, दादी-चाची का दुलार माँ की ममता, और मेरे ताऊ-चाचा की पुकार दोस्ती थी जो सुदामा, कृष्ण बन कर टूट गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।। भाई थे सब राम जैसे, लक्षमण और भरत जैसे जान की बाजी लगाकर, हार जाते भाइयों से हार कर भी जीतने की, बाजियाँ ही रूठ गयी जो मेरी पहचान थी, शहर आकर खो गयी।।