बड़ा हो रहा हूँ, पर जड़ों से दूर क्यों हूँ
दुविधा में हूँ ....
मेरे भगवान !
अपने भगवान से दूर क्यों हूँ
असुविधा में हूँ...
बिना जड़ों का मैं - नवांकुर पौध!
अपनी मिट्टी से दूर
खुद को कब तक बचा पाऊँगा
कब तक शाखाओं पर लगे पत्ते
हरे भरे रह पायेंगे
कब तक लड़ूँगा झंझावातों से
तूफानों से, सूखी हवाओं से
मैं जड़विहीन पौध !
सिंचता हूं खुद को रोज
कृत्रिम रसायनों से
रोज मलता हूँ अपनी शाखों पर
हरे रंग का लेप
छुपाता हूँ अपना पीलापन
नित नये रंग रोगन के साथ
और जब झूमता हूँ
पूरबईया की धुन पर
थिरकते हैं मेरे पत्ते, खिलखिलाते हैं
विशाल बरगद भी भरता है आह
देख कर मेरी चमक -दमक
झुका लेता है अपनी नजर
मेरे सम्मान में
पर मैं जानता हूँ
ये सम्मान झूठा है,
छद्म है, छलावा है
व्यर्थ है, बेकार है
क्योंकि
मैं जड़विहीन पौधा
दुविधा में हूँ, असुविधा में हूँ
मेरे भगवान!
अपने भगवान से दूर क्यों हूँ
असुविधा में हूँ