क्यों उलझ रही है पैरों में , निष्क्रिय प्रेम की जंजीरे !
क्यों सूख रहे है नयनों में , निर्झर मोती यादों के !!
क्यों याद सताती है तुझको , सुमन प्रफ्फुलित छाया की !
क्यों आज लुभाती है तुझको , निद्रा विष्कण्टक सेजों की !!
कुरुक्षेत्र का आँचल भी , बस तेरी राहे तकता है !
फिर भी तू समरांगण में , बस प्रेम मदिरा पीता है !!
अरुणोदय अस्ताचल को है , मध्य समर में तू व्याकुल है !
शकुनि की कुटिलता देख -देख , गाण्डिव का तेज भभकता है !!
लगता है स्वयं विधाता भी , आत्माग्नि में जलता है !
मन को पत्थर बन जाने दे , संग्राम तुरन्त छिड़ जाने दे !!
देख लिया है विराट स्वरुप , अब खुद को विराट बन जाने दे !
लाक्षागृह.के कुन्दन को , अब हीरा बन जाने दे !
अब फिर से सिंहनाद करके , संग्राम तुरन्त छिड जाने दे !!
धरती की छाती फटती है , जब द्रौण की चाले चलती है !
नन्हें सुमन पिस जाते हैं , जब चक्रव्यूह छा जाता है !!
अभिमन्यु के बलिदान को , व्यर्थ न अब तू जाने दे !
करके शंखनाद विजय का , महासमर ठन जाने दे !!
धर्मयुद्ध में भी अर्जुन के , अंग शिथिल पड जाते है !
लगता है समरांगण मे , बस मूर्दे साँसे लेते है !!
द्रौपदी के आत्म चीर की , जब चिता होली बन जाती है !
गीता की अमरवाणी भी , बस प्रवचन बन जाती है !!
नवल उदय का बिगुल बजाकर , नव मधुवन खिल जाने दे !
करके महासमर प्रेम का , नव सुमनों को छा जाने दे !!
