"अरशद साहब हमें कुछ नहीं चाहिए है. हमें बेटी चाहिए थी जो अल्लाह के करम से बहुत अच्छी मिल गयी है."

"यासीन बेटे सुनो लड़की वालों की तरफ से जो पिनहाई आनी है उसे सिर्फ़ रस्म के लिये ही बनाना बहुत मुख्तसिर

पिनहाई ही भेजें." यावर साहब ने अपने भतीजे से कहा

"अच्छा अरशद साहब अब हमें आप इजाज़त दीजिए. इंशाअल्लाह जल्दी ही बारात वाले रोज़ मुलाकात होगी. "

" ज़रूर भाई साहब  हम भी आपका क़ीमती वक़्त ज़्यादा नहीं लेंगे.. अब हम दोनों को ही शादी की तैयारियाँ जो करनी है. "

" सही फरमाया है आपने.. ख़ुदा हाफ़िज़

" अजरा, नूरी कहाँ हो भाई सबके सब.. बेटे की शादी की तरीख रख आएँ है.. बहुत बहुत मुबारक हो." यावर साहब

ने घर में दाखिल होते हुए अपनी अहलिया अजरा और अपनी भाभी नूरी को पुकारते हुए बताया

यावर साहब दो भाई एक बहन थे. सबसे बड़े यावर साहब

छोटे भाई अलीमुद्दीन और सबसे छोटी बहन सीमा.

अलीमुद्दीन का चार साल पहले कैंसर की वजह से इंतकाल हो गया था.. मरते समय अपने दोनों बच्चों यासीन और हूरा का हाथ यावर साहब के हाथों में दे गये थे.

तब आजतक यावर साहब ने उनके बच्चों को अपने सगे बच्चों से कम नहीं समझा था. अजरा बेगम भी उन बच्चों से अपने बच्चों जैसी ही मोहब्बत करती थी. यावर साहब के खुद भी दो बेटियाँ थी जिनकी अच्छे परिवारों में अल्लाह के करम से शादियाँ हो गयीं थी और दोनों ही अपनी घर गृहस्थी में ख़ुश थी.

हूरा की शादी दो साल पहले हुई थी. यावर साहब ने उसकी शादी में कोई कमी नहीं छोड़ी. अल्लाह के करम से उसका घर और ससुराल वाले भी बहुत अच्छे थे.

यावर साहब अपने भतीजे यासीन को सेट करने के बाद उसकी शादी कर देना चाहते थे जिससे वक़्त से अपना फर्ज पूरा कर दे.

यावर साहब की बहन सीमा अपने ससुराल में बहुत खुश थी. उनके भी दो बच्चे थे.भाई बहन में बहुत प्यार मोहब्बत थी.. कभी कभी नूरी और हूरा की वजह से  कुछ मसले हो जाते थे लेकिन सभी उनको अपने भाई अलीमुद्दीन की बेवा औरहूरा को यतीम बच्ची जानकर सभी गलतियाँ नजरअंदाज कर देते थे.

लेकिन इससे पहले कि कोई भी गलतफहमी सिर चढ़कर बोले वक़्त रहते ही छोटे छोटे मसलों को सुलझा चाहिये. पर शायद यावर साहब और सीमा यहाँ चूक गये थे.

हालाँकि अजरा बेगम दोनों को नूरी की हरकतों के बारे में आगाह करती रही लेकिन दोनों ने इसे जेठानी और देवरानी की नोंक झोंक ही समझा.जबकि वो दोनों ही जानते थे कि अजरा बेगम बहुत समझदार, शरीफ खातून हैं. पर शायद अलीमुद्दीन की वजह से वो घर में कोई झगड़ा

नहीं चाहते थे.

आज यासीन की शादी की तारीखें रखकर यावर साहब बहुत सुकून में थे कि अब वो अपने इस फ़र्ज़ से भी बरी हो जाएँगे.

लेकिन वक़्त को शायद कुछ और ही मंजूर.उनके पीठ पीछे एक साज़िश अपने पैर फैल चुकी थी.

"हूरा, तेरा अक्लमंद ताया लड़की वालों से कह आया उसे कुछ नहीं चाहिए.भला ये कौन होता है ये फैसला करने वाला.. और तेरा भाई तेरे ताया का चमचा बना हुआ है. लड़के वालों की पिनहाई की लिस्ट में सबके नाम हटा दिये " नूरी ने गुस्से में ज़हर उगलते हुए कहा

"अम्मी तुम फिक्र ना करो मैं हूँ ना तुम ये ताया वाली लिस्ट ना भेजना. मैं एक नयी लिस्ट बनाकर रजिया के बाप को भेज दूँगी. और आज ही वहाँ फोन करके सब बता दूँगी कि हमें क्या चाहिये. बस तुम इस बात की किसी को कानों कान खबर ना होने देना."हूरा ने नूरी को इत्मीनान दिलाते हुए अपना प्लान बताया.

" अरशद साहब, हमारा भाई इकलौता भाई है.. अच्छा होगा कि आप उसकी शादी में किसी तरह की कोई कमी नहीं रखें. हमें पूरा भरपूर जहेज़ चाहिये.. सभी इलेक्ट्रानिक आइटम चाहिए आखिर को आपकी लड़की ही बरतेगी..

और भी आज के ज़माने के हिसाब से तमाम चीज़ें आप उसको लेकर दें. और सुनें हमारा खानदान बहुत बड़ा है इसीलिए आप सभी के लिए पिनहाई के जोड़े भेजें.. मैं दो सौ आदमियों की लिस्ट आपको वाटसएप पर भेज दूँगी " हूरा अपनी लालच की इन्तेहा पर थी

" आप फिक्र ना करें.. हम ख़ुद ही अपनी लड़की को किसी चीज़ की कमी नहीं छोड़ेंगे और इंशाअल्लाह आपकी बाकी फरमाइशों को भी पूरा करेंगे. "

शादी के चार दिन पहले से रजिया का जहे आना शुरू हो गया था. यावर साहब की कोठी अच्छी खासी बड़ी थी लेकिन रजिया के बाबा ने इतना सामान भिजवाया कि कोठी में जगह कम पड़ गयी थी.

यावर साहब, अजरा बेगम, सीमा सभी हैरान और परेशान थे कि आखिर अरशद साहब ने उनकी बात क्यूँ नहीं मानी.

रजिया के जेवर और कपड़े, मैचिंग जूते और पर्स के ढ़ेर थे. यासीन के लिये शेरवानी से लेकर चालीस जोड़ कपड़े, जूते, मैचिंग जैकेट और इक्कीस घड़ियाँ थी. तीन लाख मोटर साइकिल के लिए नकद थे.

इसके अलावा सभी खानदान वालों के लिए पिनहाई के अलावा ढेरों और तोहफ़े भी थे.

सभी हैरान परेशान थे जबकि दूसरी तरफ़ नूरी और हूरा सारे सामान को कमरों में भरती हुई भागदौड़ कर रहीं थीं. किसी को नहीं पता था कि ये सामान हूरा की लिस्ट के हिसाब से भेजा गया है.

बारात लड़की वालों के यहाँ पहुँच गयी थी. निकाह के बाद हूरा ने अपनी नयी भाभी रजिया पर धौंस जमाते हुए स्टेज पर सबके सामने कहा, "ये लहंगा बदलो फौरन हमारे यहाँ सलवार सूट पहना जाता है और इतना मेकअप क्यूँ किया है..

हमारे यहाँ कोई इतना मेकअप नहीं करता है.."

इसके बाद हूरा ने रजिया की चाची से रजिया को बहुत बुरा भला बोलते हुए कहा, "कैसी बेशर्म है  स्टेज पर मुँह खोले बैठी है. दुल्हन को हमारे यहाँ स्टेज पर नहीं बिठाया जाता है. और कैसी आँखें मटका मटका कर सबको देख रही है.. हमारे भाई के तो भाग फूट गये हैं. "

" रजिया बेटा अपनी नंद से होशियार रहना बहुत खतरनाक मालूम होती है. बेटा बहुत समझदारी से अपने ससुराल में एडजस्ट करने की कोशिश करना " रजिया की चाची उसे होशियार करते हुए बोली

" जी, मैं ख्याल रखूँगी. आप बाबा और अम्मी को कुछ ना बताइयेगा वो बहुत परेशान हो जाएँगे. "

" नहीं, बेटा हम कुछ नहीं बताएँगे पर अपना ख्याल रखना. तुम्हारी बहुत फिक्र हो गयी है अल्लाह तुम्हें अपने हिफ्ज ओ अमान  में रखे. आमीन "

बारात को बहुत दूर जाना था इसीलिए जल्दी ही रुखसती की रस्म कर दी गयी थी. बारात रात से पहले खैर से घर पहुँच गयी थी.नयी दुल्हन की घर में दाखिल होने की तमाम रस्में होने के बाद करीब दो बजे रजिया को उसके कमरे में लाया गया था.

बेहद खूबसूरत कमरा था जो लाल गुलाबों से सजा हुआ था  लेकिन उस सजावट का रजिया के दिमाग पर कोई असर नहीं हो रहा था क्यूँकि हूरा की बदतमीजी से उसका खून खौल रहा था.

करीब आधे घंटे बाद यासीन अपने कमरे में आया और दुल्हन बनी रजिया के चेहरे पर उदासी देखकर समझ गया कुछ जरूर हुआ है.. वो अपनी बहन हूरा को और उसकी लंबी कैची की तरह चलती ज़ुबान को बहुत अच्छी तरह जानता था.

रजिया को देखते ही उसे समझते देर नहीं लगी कि हूरा से इसकी ज़रूर कोई बात हुई है. वह रजिया के पास बैठते हुए बोला,

"रजिया आज हम पहली बार मिले हैं और हमें अब हमेशा साथ रहना है इसीलिए मैं चाहता हूँ कि हम एक दूसरे का दोस्त बनकर इस प्यारे से रिश्ते को और भी मज़बूत बना दें. हम में से कोई भी एक दूसरे से कुछ नहीं छुपायेगा.  मुझसे वादा करो और मैं भी तुमसे वादा करता हूँ कि हर बात बताएँगे. "

" रजिया ने उसकी तरफ देखते हुए कहा, "वादा है"

"तो फिर बताओ.. उदास क्यूँ हो?" यासीन के पूछने पर रजिया ने सारी बात उसे बता दी.

यासीन हूरा पर आये बेइंतहा गुस्से को ज़ब्त करते हुए रजिया से बोला,

"रजिया, मेरे लिए बड़े पापा, बड़ी अम्मी, उनकी दोनों बेटियाँ, फुपीजान और उनकी फॅमिली बहुत अहम है. मैं उन सबसे बहुत प्यार करता हूँ. मुझे पूरी उम्मीद है कि वो लोग तुम्हें कभी मायूस नहीं करेंगे. तुम्हें उनका ख्याल रखना है.

मेरी मम्मी और हूरा दोनों बहुत गलत है हमेशा सबसे बहुत हसद करते हैं. इनकी बातों पर ध्यान मत देना. तुम अपने काम से काम रखना. मैं अगर इनको समझाने की कोशिश करता हूँ तो ये दोनों रो रोकर सारा घर सिर पर उठा लेते हैं.

तुम्हारे बाबा को हूरा की वजह से बहुत ज़हमत हुई उन्हें इतना सामान अम्मी और हूरा के लालच की वजह से ही खरीदना पड़ा. मुझे यह बात सामान देखते ही समझ आ गयी थी. मैं इस बात के लिए बहुत शर्मिंदा हूँ. मैं इसके लिए तुमसे माफी माँगता हूँ. मैं अगर इनसे पूछताछ करता तो ये झूट बोलकर बहुत हंगामा करतीं और तुम्हारे बाबा से लेकर बड़े पापा और बड़ी अम्मी तक को बुरा भला कहते.

मैं इस तरह के हंगामें करके बड़े पापा को परेशान नहीं कर सकता हूँ. इसीलिए मैं इनके सामने चुप रहता हूँ. हूरा अव्वल दर्जे की पागल नासमझ लड़की है.मैं बचपन से ही बड़े पापा के साथ रहता था. पापा थे मगर नजाने क्यूँ मुझे बड़े पापा से बहुत मोहब्बत है..

धीरे-धीरे  तुम भी यहाँ सबको समझ जाओगी. रात बहुत हो चुकी है अब आराम करते हैं. मुझे उम्मीद है कि तुम्हारी फिक्र कुछ कम हुई होगी. "यासीन ने मुस्कुराते हुए रजिया से कहा

" जी. "

" अरे यासीन.. ओ यासीन.. भला इतनी देर तक कोई सोता है क्या? दिमाग खराब हो गया है इस लड़के का..हमारे यहाँ शादी के बाद देर तक सोने का रिवाज नहीं है " नूरी यासीन के कमरे का दरवाज़ा ज़ोर ज़ोर से बजाते हुए बोली

" यासीन उठिए.. अम्मी बाहर दरवाज़ा पीट रही हैं.. मुझे नमाज़ पढ़ने के बाद से नींद नहीं आयी इसीलिए मैं टीवी देखने लगी थी और आप काफी गहरी नींद में सो रहे थे इसीलिए मैंने आपको नहीं जगाया था. "

रजिया इस तरह दरवाज़ा पीटे जाने पर बहुत परेशान थी.

"परेशान मत हो रजिया.. बस दो मिनट रुको.. तुम्हारी टीम तुम्हारे फेवर  में बोलने वाली है.एक..दो.. तीन "

" दिमाग तो तुम्हारा ख़राब हुआ है नूरी, जो सुबह सुबह जा चढ़ी बच्चों के सिर पहर.देर रात रस्में ख़त्म हुई हैं. कौन से रजवाड़ों के यहाँ की रस्में फॉलो करती हो. अपनी नींद पूरी करने दो बच्चों को.. आज कौन से काम करने हैं जो सुबह ही वो उठकर खड़ा हो जाये " अजरा बेगम नूरी को धमकाते हुए बोलीं

अंदर यासीन हँस रहा था,

" रजिया, ये बड़ी मम्मी हैं.. अब आज की शांति हो गयी. फिक्र मत करो. बड़ी अम्मी अम्मी की गलत बात बिलकुल नहीं चलने देती हैं."

दोनों को उठकर तैयार होते होते एक घंटा लग गया था.. जैसे ही तैयार होकर दोनों कमरे से बाहर निकलने वाले थे तभी रजिया के फोन पर हूरा का फोन बजने लगा.. रजिया ने यासीन को फोन दिखाया तो यासीन बोला,

" बात कर लो.. देर तक सोने की ख़बर वहाँ लग चुकी है.. जो चाहे कहो और इस बात का इत्मीनान रखना तुमने जो कुछ कहा मैंने नहीं सुना"

यासीन हँसते हुए बाहर जा चुका था. रजिया ने फोन उठा लिया,

"सलाम बाजी, कैसी हैं आप?"

"हम तो जैसे हैं वैसे हैं तू बता क्या तमाशा है.. इतनी देर तक कौन सोता है हमारे यहाँ शादी के बाद इतनी देर तक कौन सोता है.. सुबह उठकर सास की खिदमत कर. "  हूरा अपनी आदत के मुताबिक ज़हर उगल रही थी.

रजिया के सब्र का बाँध टूट चुका था,

"क्यूँ तू कौन से रजवाड़ों की महारानी है,शादी के दिन से अपने रजवाड़ों के कानून के ढ़ेर लगा रखे हैं. मेरी मर्जी है मेरा घर है.. तू अपने कानून अपने घर में रख.. मेरी सास है मैं चाहे जो करूँ उसके साथ.. तू अपनी सास की फिक्र कर." रजिया ने उसी के लहजे में जवाब देते हुए कहा

दूसरी तरफ फोन पर सकता तारी हो गया था और फिर फोन काट दिया गया. रजिया काफी हल्का महसूस कर रही थी. बाहर नाश्ते के लिए सब बैठ चुके थे जैसे ही वह नाश्ता करने पहुँची बड़ी अम्मी ने बढ़कर उसको गले लगाया और ढ़ेर सारी दुआएँ दी. जबकि नूरी मकड़ी की तरह सिकुड़ी बैठी रही.

नाश्ते के दौरान यासीन ने रजिया के कान में कहा,

"अब एक हफ्ते तक दोनों जगह शांति रहेगी."

रजिया मुस्कुराने लगी. उसका सारा डर ख़त्म हो चुका था. यासीन ने ना सिर्फ सच कहा था बल्कि एक सच्चे दोस्त और हमसफर की तरह उसका साथ भी दिया था.

NOOR EY ISHAL