तुम इतनी सुन्दर कैसे हो..

"अरे जाने दो बेटा, किसी से नाराज नहीं होते. कोई हमारा दिल दुखाता है तो इसका ये मतलब नहीं कि हम भी वैसा ही करें. रब सब देख रहा होता है. बस सबकी तरफ़ से अपना दिल साफ़ रखा करो.यकीनन ये वक़्त और हालात तुझे ज़रूर कुछ सिखाना चाह रहे हैं,तेरे लिए ज़रूर इसमें कोई भलाई छुपी है ."अम्मा कहती जा रही थीं और मैं हैरानी से उनको देख रही थी कि ज़माने भर की सख्तियों को सहने के बाद भी अम्मा की ये सोच कैसे हो सकती है?

मैं मुस्करा उठी और अम्मा से ख़ुद बा ख़ुद पूछ बैठी," अम्मा तुम इतनी सुन्दर कैसे हो? "

अम्मा मुस्कराने लगीं मेरा मतलब समझ चुकीं थीं कुछ गहराई से सोचते हुए बोलीं, "बेटा इंसान के वक़्त और हालात उसे सुन्दर बनाते हैं. उसे तजुर्बा देते हैं. कभी कभी ये वक़्त और हालात गुजारने मुश्किल हो जाते हैं और कभी कभी हँसी ख़ुशी वक़्त बीत जाता है. दोनों तरह ही के वक़्त और हालात बहुत कुछ सिखा जाते हैं.बस इंसान को हर वक़्त सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए ."

थोड़ा साँस लेने के बाद अम्मा ने दोबारा कहा," तेरे पिताजी को एक बहुत अच्छी नौकरी का अवसर मिला था. मगर तेरे पिताजी और मैं उस वक़्त अपना घर तक़रीबन सेट कर चुके थे. हमारी तभी तभी शादी हुई थी. काफ़ी खर्च हो चुका था. इस वक़्त वापस सब कुछ समेटकर बंद करना मुमकिन नहीं था तो उन्होंने उस नौकरी के लिए मना कर दिया था.

पर हाँ कभी कभी मज़ाक़ में मुझे छेड़ते ज़रूर थे कि तुम्हारे आने की वज़ह से बहुत बढ़िया नौकरी को मना करना पड़ा. मुझे मालूम था कि वो मज़ाक करते हैं लेकिन दिल में अंदर कहीं तेरे पिताजी के लिए दुःख होता था कि मेरी वज़ह से इतना अच्छा अवसर इनको छोड़ना पड़ा. कभी कभी ज़्यादा छेड़ते थे तो गुस्सा आ जाता था. लेकिन मैंने उनके मज़ाक पर कभी भी ख़राब प्रतिक्रिया नहीं दी.

लगभग एक साल के बाद एक दिन हम लोग खाना खा रहे थे टीवी पर न्यूज आ रहीं थी कि अचानक उस कंपनी के बारे में न्यूज आने लगीं कि वह कंपनी फ्रॉड निकली. उसकी सारी ब्रांचों को सील कर दिया गया.

उस दिन तेरे पिताजी ने हँसते हुए कहा, "चारु तूने तो मुझे दिवालिया होने से बचा लिया. अगर तू ना आती तो मैं भी यहां रो रहा होता.हम दोनों ने रब का शुक्र अदा किया.और जीवन का एक सबक सीखा कि जो भी हो रहा होता है रब को मालूम होता है कि क्यूँ हो रहा होता हैँ. अगर हमारी मर्ज़ी का काम नहीं हो रहा हो तो बस हमें दुआ करके सब्र से काम लेना चाहिए क्यूँकी रब तो हमारे दुआ करने से पहले ही हमारी परेशानी देख रहा होता है. उसको तो उस परेशानी का हल भी मालूम होता है.बस इन्तेज़ार होता है हमारा सही वक़्त आने का."

मैं बस मंत्र-मुग्ध सी अम्मा को सुनते जा रही थी.थोड़ी देर पहले आया गुस्सा कब का ख़त्म हो चुका था.

NOOR EY ISHAL